
जमशेदपुर: बिष्टुपुर में पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या की घटना को लेकर शहर में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। घटना के विरोध में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज उपायुक्त और सिटी एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद अपराधियों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। पुलिस की मौजूदगी में पीसीआर वाहन तक पहुंचकर दो युवकों पर हमला होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।ज्ञापन में मांग की गई कि घटना में शामिल अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए।प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सवाल उठाया कि घटना के समय पुलिस ने अपराधियों को रोकने के लिए आवश्यक बल प्रयोग, जैसे पैर में गोली चलाना या हवाई फायरिंग, क्यों नहीं की, जबकि इससे दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि शहर में कानून का राज स्थापित करने और लोगों के मन में सुरक्षा व पुलिस के प्रति विश्वास बहाल करने के लिए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने होंगे।







