
जमशेदपुर: जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जुगसलाई नगर परिषद द्वारा संचालित “कैच द रेन” अभियान के तहत शुक्रवार को जुगसलाई गर्ल्स हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण का संदेश दिया।प्रतियोगिता का विषय “वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण” रखा गया था। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक कला के जरिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल की प्रत्येक बूंद के महत्व और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया। उनकी कलाकृतियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी साफ दिखाई दी।कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देंगी, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करेंगी तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी।जुगसलाई नगर परिषद ने आम नागरिकों से भी “कैच द रेन” अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि अपने घरों और संस्थानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाकर भूजल स्तर बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है। नगर परिषद ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।







