
जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में 3 जुलाई 2026 को भाजपा द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद को सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत एवं ब्राह्मण समाज (वशिष्ठ सेवा शौर्य समिति) ने संयुक्त रूप से समर्थन देने की घोषणा की है।सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी. डी. त्रिपाठी तथा ब्राह्मण समाज (वशिष्ठ सेवा शौर्य समिति) के संरक्षक डॉ. दिलीप ओझा और मुन्ना चौबे ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।डी. डी. त्रिपाठी ने कहा कि यदि पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल हो रही है तो इसके पीछे राज्य सरकार की नीतियां और इच्छाशक्ति की कमी जिम्मेदार है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में अपराध, भू-माफिया और नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।वहीं, डॉ. दिलीप ओझा और मुन्ना चौबे ने मांग की कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार शीघ्र न्याय सुनिश्चित नहीं करती है तो जनता का आक्रोश और बढ़ेगा।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि न्याय और बेहतर कानून व्यवस्था की मांग को लेकर भाजपा द्वारा बुलाए गए जमशेदपुर बंद का वे पूर्ण समर्थन करते हैं।







