
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आयोजित बंद को ऐतिहासिक और जनभावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बंद की अभूतपूर्व सफलता यह दर्शाती है कि राज्य की जनता सरकार की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था से बेहद नाराज है।रघुवर दास ने कहा कि जमशेदपुर की जनता ने शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाकर स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में लगातार हो रही हत्याएं, लूट, छिनतई, चापड़बाजी और अपराध की घटनाओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता सुरक्षित माहौल, जवाबदेह शासन और कानून का राज चाहती है।उन्होंने बंद को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी वर्गों के स्वैच्छिक सहयोग ने इस आंदोलन को ऐतिहासिक बना दिया।पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से जनआक्रोश को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता का लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।







