
जमशेदपुर: कुड़मी समाज के वरिष्ठ नेता हरमोहन महतो ने दिसंबर 2025 में गोकुलनगर निवासी जीत महतो की मौत के मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी पुनः जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जमशेदपुर के नवनियुक्त एसएसपी से इस मामले की सभी पहलुओं से समीक्षा कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।हरमोहन महतो ने कहा कि दिसंबर 2025 के अंत में मोबाइल चोरी के एक मामले में एमजीएम थाना पुलिस जीत महतो को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत में उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 31 दिसंबर 2025 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी, लेकिन अब तक उस स्तर की कार्रवाई नहीं हुई जिसकी जनता को अपेक्षा थी। उन्होंने DD बार कांड का उदाहरण देते हुए कहा कि उस मामले में त्वरित कार्रवाई, एसआईटी गठन और वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई, जबकि जीत महतो मामले में ऐसे कदम नहीं उठाए गए।हरमोहन महतो ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की पुलिस हिरासत के बाद मौत होती है तो ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नए एसएसपी से मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी व्यक्ति, अधिकारी या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि समान न्याय और कानून के समान अनुपालन के पक्ष में है। उनका कहना है कि “न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।”







