
जमशेदपुर: जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा के टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय समेत कई नेताओं और दर्जनों कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी को भाजपा ने राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया है।भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी द्वारा आयोजित बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और जनसमर्थन आधारित था। उनके अनुसार, पूरे दिन शहर में कहीं से भी तोड़फोड़, आगजनी, जबरन दुकानें बंद कराने या हिंसा की कोई शिकायत सामने नहीं आई। इसके बावजूद देर रात भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया जाना कई सवाल खड़े करता है।उन्होंने पूछा कि यदि कोई घटना हुई थी तो उसकी शिकायत तत्काल क्यों नहीं की गई और पूरे दिन शांत रहने के बाद देर रात प्राथमिकी दर्ज करने की आवश्यकता क्यों पड़ी। संजीव सिन्हा ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने और लोकतांत्रिक आंदोलनों को दबाने की मंशा से की गई है।उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपराध, भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ जनता की आवाज उठाती रही है। यदि शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करना भी अपराध माना जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रशासन और जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई करने के बजाय शहर में बढ़ते अपराध पर ध्यान दें। साथ ही टेल्को थाना प्रभारी से निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर जांच करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दे उठाते रहेंगे।







