
जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे सोनारी थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी पु.नि. मधुसूदन डे समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान SSP ने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े बिंदुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाया जाए तथा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।SSP ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी रोकने, अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू और अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत देते हुए कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। SSP के इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता और सक्रियता का संदेश गया है।







