
जमशेदपुर, 8 जुलाई। पूर्वी सिंहभूम जिले के काशीडीह बागान नंबर-3, क्षेत्र-2 स्थित बूथ संख्या-301 पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए प्रेरित करना था।इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव राकेश साहू ने बूथ लेवल ऑफिसर ललिता देवी के साथ मिलकर क्षेत्र के मतदाताओं को एसआईआर अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं के बीच आवश्यक फॉर्म वितरित किए और उन्हें सही तरीके से भरने की प्रक्रिया समझाई।राकेश साहू ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का नाम, पता और अन्य विवरण सही एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय पर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराकर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन अवश्य कराएं।कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी रविंद्र ठाकुर ने भी अभियान की निगरानी की। वहीं बूथ संख्या-301 के पर्यवेक्षक पिंटू कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एसआईआर अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने का संकल्प लिया।







