
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने चाकुलिया प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान, विकास योजनाओं, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ को गणना प्रपत्रों के वितरण और BLO ऐप के माध्यम से डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को विकास योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही दाखिल-खारिज, ऑनलाइन म्यूटेशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण एवं अन्य लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया।उन्होंने कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण और जन शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, एसडीओ घाटशिला, बीडीओ, अंचलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







