
जमशेदपुर: जल शक्ति अभियान के तहत संचालित ‘कैच द रेन’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय सभागार में जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग का सामूहिक संकल्प लिया।शपथ के माध्यम से सभी ने वर्षा की प्रत्येक बूंद को संजोने, जल की बर्बादी रोकने, अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल एवं समुदाय में वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के उपाय अपनाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। साथ ही ‘कैच द रेन’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाने में सक्रिय योगदान देने की भी प्रतिज्ञा की गई।कार्यक्रम में जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान, नगर प्रबंधक राजेंद्र कुमार, लेखा पदाधिकारी शुभा जायसवाल सहित नगर परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना रहा।







