
जमशेदपुर: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने रोटरैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर सेवार्थ एवं रोटरैक्ट क्लब ऑफ करीम सिटी के सहयोग से वर्षभर चलने वाले ‘सुरक्षित यातायात अभियान’ (Safe Road Campaign) का शुभारंभ करीम सिटी कॉलेज सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा सेमिनार के साथ किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी ट्रैफिक) नीरज पाठक तथा विशिष्ट अतिथि करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज़ ने अभियान का उद्घाटन किया। अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया तथा क्लब की त्रैमासिक कार्यक्रम पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।क्लब अध्यक्ष रोटेरियन गुरप्रीत भाटिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करना है।डीएसपी नीरज पाठक ने अपने प्रेरक संबोधन में युवाओं को यातायात नियमों के पालन का महत्व समझाया और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं टाटा मोटर्स के रामानुज ओझा ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के विशेषज्ञों ने दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर में प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।कार्यक्रम में रोटेरियन्स, रोटरैक्टर्स, इंटरैक्टर्स, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अंत में अध्यक्ष-निर्वाचित नीता अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से यह सड़क सुरक्षा अभियान पूरे वर्ष विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जाएगा।







