
जमशेदपुर: शहर के तुलसी भवन में रविवार को आयोजित हनुमान चालीसा कंठस्थ पाठ प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और नैतिक शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी स्मरण शक्ति एवं आत्मविश्वास का विकास करना था।प्रतियोगिता में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, पटेलनगर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों की सटीक प्रस्तुति और आत्मविश्वास की उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने जमकर सराहना की।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती किरण बाला एवं श्रीमती कमला प्रधान की विशेष भूमिका रही। विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और उनकी तैयारी में दिए गए योगदान की आयोजकों एवं अतिथियों ने खुले दिल से प्रशंसा की। यह आयोजन विद्यार्थियों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रेरणादायी साबित हुआ।







