
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जाति प्रमाण पत्र, लंबित भुगतान, नाली निर्माण एवं सफाई, बिजली बिल में सुधार, जमीन विवाद, अतिक्रमण, उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, दिव्यांगजन को सरकारी योजनाओं का लाभ, ई-ट्राई साइकिल, चिकित्सा सहायता समेत कई सामाजिक और व्यक्तिगत मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और नियमसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण किया जाए तथा शेष मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने दोहराया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







