
जमशेदपुर। भारतीय डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डाक विभाग के प्रतिनिधियों ने टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल की प्रिंसिपल एवं CISCE जोनल कॉर्डिनेटर श्रीमती प्रीति सिन्हा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विद्यालय में रक्षाबंधन प्रतियोगिता आयोजित करने का अनुरोध किया गया।मुलाकात के दौरान श्रीमती प्रीति सिन्हा ने भारतीय डाक विभाग की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में, जब अधिकांश शुभकामनाएं और उपहार ऑनलाइन माध्यमों से भेजे जाते हैं, ऐसे समय में बच्चों द्वारा स्वयं राखी तैयार कर उसे डाक के माध्यम से अपने प्रियजनों तक भेजना भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और भाई-बहन के अटूट स्नेह को सहेजने का एक प्रेरणादायक प्रयास है।उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच मिलेगा, साथ ही उन्हें भारतीय डाक सेवा की उपयोगिता, पारंपरिक संचार व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होगा। विद्यालय ने इस अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।भारतीय डाक विभाग का यह अभियान विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं, हस्तकला और डाक सेवाओं के महत्व से जोड़ते हुए रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व को नई पीढ़ी के लिए और अधिक यादगार बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।







