
जमशेदपुर, बिष्टुपुर।भारतीय डाक विभाग की ओर से रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयोजित की जा रही विशेष ‘रक्षाबंधन प्रतियोगिता’ को लेकर सोमवार को लोयला स्कूल, बिष्टुपुर के प्रधानाचार्य फादर विनोद फर्नांडिस से शिष्टाचार मुलाकात की गई। इस दौरान विद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित करने का अनुरोध किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए इस पहल की सराहना की।फादर विनोद फर्नांडिस ने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, आपसी प्रेम, भाईचारे और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और रिश्तों को सशक्त बनाने का प्रतीक है।उन्होंने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई राखियाँ भारतीय डाक विभाग के माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों तक भेजी जाएँगी। इससे बच्चों में देश के रक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में भाग लेकर इस प्रेरणादायी अभियान को सफल बनाएँगे।







