
जमशेदपुर: भारतीय डाक विभाग की ओर से रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, भाईचारे और डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत जे.एच. तारापोर स्कूल, धातकीडीह की प्रधानाचार्या श्रीमती लता शरत से शिष्टाचार मुलाकात की गई।इस दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए रक्षाबंधन प्रतियोगिता (राखी मेकिंग प्रतियोगिता) आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। बातचीत के दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्य से उन्हें अवगत कराया गया कि इस आयोजन के माध्यम से बच्चे रक्षाबंधन के सांस्कृतिक महत्व को समझेंगे, अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपनों तक राखी भेजने की परंपरा से भी जुड़ेंगे।प्रधानाचार्या श्रीमती लता शरत ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा विद्यालय स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया। भारतीय डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।







