
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद शनिवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शहर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने सबसे पहले मोहारदा स्थित जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। यहां पेयजल आपूर्ति, संयंत्र के संचालन और रखरखाव की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी मशीनों के नियमित रखरखाव और समय-समय पर तकनीकी जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर आवासीय परियोजना का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, जलापूर्ति, बिजली, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने शेष कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा कर लाभार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।वहीं, वाहन शेड के निरीक्षण के दौरान डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों और अन्य नगर निकाय वाहनों की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सभी वाहनों का नियमित अनुरक्षण किया जाए ताकि स्वच्छता अभियान और नागरिक सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित होती रहें।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग करें और जहां भी कमी मिले, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।







