
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सीधे सुनीं। इस दौरान शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर नागरिकों ने अपनी शिकायतें और मांगें रखीं।सुनवाई के दौरान छात्रवृत्ति, आरटीई के तहत नामांकन, जन्म प्रमाण पत्र, लंबित पेंशन, रोजगार, चिकित्सीय सहायता, जाति प्रमाण पत्र, फीस माफी, झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र, किसानों की समस्याएं समेत कई मामलों पर चर्चा हुई।उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच है, इसलिए सभी मामलों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए। जिन मामलों में कई विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, उनका भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।






