
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की लगभग 13 करोड़ रुपये की 38 लंबित विकास योजनाओं का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने का आग्रह किया है। उन्होंने अपर नगर आयुक्त से कहा कि यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा है तो उसे तत्काल दूर किया जाए, लेकिन विकास कार्यों को रोकना उचित नहीं है।सरयू राय ने बताया कि हाल ही में उपायुक्त के साथ हुई बैठक में मानगो नगर निगम, जेएनएसी और टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की निविदा पूरी हो चुकी है और जिनका शिलान्यास भी किया जा चुका है, उनका कार्य रुका रहना गंभीर विषय है।उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 13 करोड़ रुपये की 38 परियोजनाओं का क्रियान्वयन राजनीतिक कारणों और असंवैधानिक हस्तक्षेप के चलते प्रभावित हुआ है। इनमें बड़े नालों, सड़कों और नाली निर्माण की योजनाएं शामिल हैं।सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि मानगो नगर निगम को केवल झारखंड नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही कार्य करना चाहिए। किसी भी असंवैधानिक व्यक्ति के दबाव में आकर निर्णय नहीं लिए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमों के अनुसार कार्य करने और अनुचित दबाव का विरोध करने की अपील की।उन्होंने कहा कि यदि कोई बाधा है तो उसे दूर कर विकास योजनाओं का क्रियान्वयन शीघ्र शुरू कराया जाए ताकि जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।







