
जमशेदपुर: भारतीय डाक विभाग (जमशेदपुर एवं बिष्टुपुर पोस्ट ऑफिस) की ओर से रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘रक्षाबंधन प्रतियोगिता’ की तैयारियां तेज हो गई हैं।इसी क्रम में ADSL सनशाइन स्कूल, कदमा में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू सिंह से भारतीय डाक विभाग के प्रतिनिधियों एवं रिलेशनशिप मैनेजर श्री उमा शंकर प्रसाद तथा श्री उज्जवल दास गुप्ता ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतियोगिता की रूपरेखा से अवगत कराया गया तथा विद्यालय को आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपा गया।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू सिंह ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपने हाथों से ईको-फ्रेंडली राखियां तैयार करेंगे और पारंपरिक तरीके से रक्षाबंधन मनाने का संदेश देंगे।उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में इस प्रकार की पहल बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भी एहसास कराती है।इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए भारतीय डाक विभाग को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। डाक विभाग ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में हस्तनिर्मित राखियों को बढ़ावा देना, पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना तथा पारंपरिक डाक सेवा के माध्यम से रक्षाबंधन के भावनात्मक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।







