
जमशेदपुर, 15 जुलाई। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त राजीव रंजन के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी “Dc Rajiv Ranjan” को लेकर आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।प्रशासन के अनुसार, इस फर्जी फेसबुक आईडी से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और विभिन्न प्रकार के संदेश भी किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त किसी भी नागरिक को अपनी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं भेजते हैं और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सहायता, धनराशि या व्यक्तिगत जानकारी की मांग करते हैं।प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि “Dc Rajiv Ranjan” नाम की इस फर्जी आईडी से कोई फ्रेंड रिक्वेस्ट या संदेश प्राप्त हो, तो उसे तुरंत Ignore करें, संबंधित प्रोफाइल को Report करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर निकटतम थाना या साइबर थाना में इसकी सूचना दें।जिला प्रशासन ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल पर भरोसा न करने की अपील की गई है।








