
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भाजपा द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद को राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जनहित नहीं, बल्कि पूरे मामले की दिशा बदलकर भाजपा नेता नीरज सिंह को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तविक दोषियों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।परविंदर सिंह ने कहा कि डबल डाउन बार के समीप हुई जघन्य घटना को झारखंड सरकार ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक का तबादला किया गया है और नए एसएसपी ने पदभार संभाल लिया है। उन्होंने जनता से नए पुलिस नेतृत्व का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि प्रत्यक्ष आरोपियों के साथ-साथ डबल डाउन बार के संचालकों की भूमिका की भी गहन जांच हो। यदि जांच में उनकी लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।







