
जमशेदपुर: 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को साकची से जुबिली पार्क गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला। जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में निकले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए।हाथों में जलती मशाल लेकर प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित पेपर लीक एवं परीक्षा में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने कहा कि जेपीएससी में व्याप्त भ्रष्टाचार झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों की मेहनत के बाद भी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।उन्होंने 22 जुलाई को रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय के प्रस्तावित घेराव में अधिक से अधिक छात्र-युवाओं से शामिल होकर भ्रष्टाचार और कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।मशाल जुलूस में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार सहित कई भाजपा एवं भाजयुमो पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।







