
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश साहू के नेतृत्व में रविवार को साकची गुरु नानक हाई स्कूल सेंटर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बूथों पर विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ऐसे मतदाताओं की सहायता करना था, जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है या जिन्हें विशेष सारांश पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत फॉर्म भरकर जमा करना था।इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा सरकार द्वारा निर्धारित बीएलओ के समक्ष फॉर्म जमा कराने में सहयोग किया। अभियान के दौरान 300 नंबर बूथ के बीएलओ-2 विनय साहनी ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।राकेश साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी लोगों को जागरूक करने और उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में पूरे क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।अभियान में स्थानीय बस्तीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बड़ी संख्या में अपनी समस्याओं का समाधान कराया। कांग्रेस नेताओं ने लोगों से अपील की कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो समय रहते एसएसआर प्रक्रिया के तहत उसका सुधार अवश्य करा लें।







