
जमशेदपुर। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों को लेकर कांग्रेस के जिला महासचिव राकेश साहू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन विरोध की आवाज़ को बलपूर्वक दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।राकेश साहू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं से जुड़े अहम मुद्दों का समाधान करने के बजाय विरोध करने वालों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज़ को दबाकर लोकतंत्र को कमजोर नहीं किया जा सकता।उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बिना शर्त तत्काल रिहा किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने की अपील की।







