
जमशेदपुर, 10 जुलाई: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के निर्देश पर बागबेड़ा मंडल कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र में बदहाल सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव और नालों की सफाई की मांग को लेकर जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय में प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुमित कुमार को मांग पत्र सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।इस दौरान जिला महासचिव एवं जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड प्रभारी राकेश साहू, प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, जिला सचिव एवं मंडल प्रभारी अरुण त्रिपाठी तथा सुल्तान अहमद सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बागबेड़ा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में नियमित कचरा उठाव नहीं होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। साथ ही बड़े नालों और नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।ज्ञापन सौंपते हुए राकेश साहू, अरुण त्रिपाठी और राज नारायण यादव ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर नियमित सफाई, कचरा उठाव और सड़कों के बीच जमा कचरे का निस्तारण नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि यह जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है और प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।प्रदर्शन में प्रदेश कोऑर्डिनेटर परितोष सिंह, संजय झा, संत राजेंद्र सिंह, सूरज मुंडा, मनोज मिश्रा, रूबी ठाकुर, अनिरुद्ध पुरी, नारायण दे, केडी मुंडा, नागेंद्र सिंह, चंदन गुप्ता, मोहम्मद रियाज, बबलू गुप्ता, उमेश यादव, रवि यादव, यूथ कांग्रेस के सहदेव उपाध्याय, रवि कुमार यादव, राजेश कुमार दुबे, बृजेश मिश्रा, पप्पू कुमार, अजय कुमार, आदित्य कुमार, विनोद यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







