जमशेदपुर: राजेंद्र विद्यालय, साकची में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार रात्रि समारोह 2026-27 के द्वितीय दिवस का भव्य आयोजन विद्यालय के सभागार में किया गया। समारोह में शैक्षणिक, खेल एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन थे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बिहार एसोसिएशन के महासचिव सी.पी.एन. सिंह, विद्यालय सचिव एवं बिहार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अमरेश सिन्हा, कोषाध्यक्ष विवेकानंद, संयुक्त सचिव ज्योति प्रकाश, विद्यालय की प्राचार्या अनीता तिवारी, बीएसीईटी के प्राचार्य संजय रॉय, राजेंद्र विद्यालय (घुटिया) की प्राचार्या खुशबू ठाकुर, उप-प्राचार्या किरण सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्या अनीता तिवारी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेल एवं अन्य उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को दोहराया।
समारोह में आईसीएसई एवं आईएससी बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स के साथ-साथ जेईई एडवांस्ड और नीट में सफल विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आईसीएसई टॉपर को सी.डी. सिंह पुरस्कार एवं ₹10,000, जबकि आईएससी टॉपर को के.बी. सिन्हा पुरस्कार के साथ ₹12,000 की नकद राशि प्रदान की गई। वर्ष 2026 की आईसीएसई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शौर्य वीर श्रीवास्तव को राकेश सिन्हा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के चार शिक्षकों—श्रीमती अनामिका सिंह, श्रीमती नीना सिन्हा, सुश्री श्वेता सहाय और श्री जितेंद्र कुमार—को विद्यालय में 25 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा पूर्ण करने पर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
समारोह में कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें विश्व शांति, सौहार्द और मानवता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।








