
जमशेदपुर में जीएसटी पखवाड़ा के तहत सरदार माधो सिंह मेमोरियल बालिका उच्च विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जीएसटी, कर व्यवस्था और कर जागरूकता से जोड़ना था।प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी चित्रकला के जरिए ईमानदार कर भुगतान, जीएसटी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।इस मौके पर जीएसटी विभाग के एडिशनल कमिश्नर रणविजय कुमार ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच देने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को टैक्स व्यवस्था की प्रारंभिक समझ देने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।वहीं, असिस्टेंट कमिश्नर आमिर खान ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विषयों की व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान करती हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की गई और उन्हें आगे भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित किया गया।







