झारखंड राज्य के जनक एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान मिलने की खुशी में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा साकची स्थित जिला संपर्क कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं लड्डू वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मिला पद्मभूषण सम्मान पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी और राज्य के लोगों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान की। यह सम्मान उनके संघर्ष, त्याग और योगदान को देश द्वारा दी गई सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कार्यकर्ताओं एवं आम राहगीरों के बीच लड्डू वितरण कर खुशी का इजहार किया गया।
मौके पर प्रमोद लाल, सुमन महतो, सागेन पूर्ति, लालटू महतो, खुदु उरांव, प्रीतम हेंब्रम, चंदन महतो, परमजीत सिंह पम्मे, इंदरपाल सिंह, अंकित सिंह, सपन राय, उमानाथ झा, अभय पांडेय, प्रकाश झा, रजनी दास, झरना पाल, दुर्गा भोपाई, अनीता, मीरा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।








