
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में हुए सफल स्वतःस्फूर्त जमशेदपुर बंद के लिए शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बंद को जनता का व्यापक समर्थन मिला, जो यह दर्शाता है कि लोग अपराध, भ्रष्टाचार, महंगाई और राजनीतिक अव्यवस्था से परेशान हैं।सरयू राय ने एनडीए, विशेषकर जदयू कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस स्वतःस्फूर्त जनसमर्थन के संदेश को समझें और भविष्य की स्वस्थ एवं सिद्धांत आधारित राजनीति की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि निहित स्वार्थ और गंदी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठकर नैतिक मूल्यों पर आधारित राजनीति को मजबूत किया जाए।उन्होंने कहा कि देश के पास महात्मा गांधी, डॉ. राम मनोहर लोहिया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसी महान विभूतियों की वैचारिक विरासत है, जिसे फिर से जनमानस में स्थापित करने की आवश्यकता है। सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर बंद से निकला संदेश यही है कि जनता बदलाव चाहती है और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को इस जनभावना का सम्मान करते हुए नैतिक राजनीति का मार्ग अपनाना चाहिए।







