
जमशेदपुर, 6 जुलाई:पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के दौरान मानगो अंचल कार्यालय तथा बोड़ाम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026), राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों, विकास योजनाओं, लोक शिकायतों के निष्पादन और कार्यालयी कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि SIR-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण और संग्रहण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर अभियान को सफल बनाने और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।राजस्व एवं भूमि मामलों की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सीमांकन, अतिक्रमण सहित अन्य लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर निपटाया जाए।विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने, नियमित फील्ड निरीक्षण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बोड़ाम प्रखंड परिसर में स्थित जर्जर भवन का भी जायजा लिया और आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा कार्यालयों में अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं और कार्य संस्कृति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित संबंधित प्रखंड एवं अंचल के बीडीओ और सीओ उपस्थित रहे।







