
आगामी मानसून को देखते हुए वार्ड संख्या 33 में मुख्य नालियों और गलियों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महापौर सुधा गुप्ता के नेतृत्व एवं वार्ड पार्षद प्रत्याशी चुनचुन चौधरी की निगरानी में उलीडीह के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।अभियान के दौरान मुख्य नालियों से गाद और कचरे को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। सफाई कर्मियों ने गलियों और नालियों की व्यापक सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश भी दिया।इस अवसर पर वार्ड पार्षद प्रत्याशी चुनचुन चौधरी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे नालियों में कूड़ा-कचरा न फेंकें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ और स्वस्थ शहर का निर्माण संभव है।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चल रहे सफाई अभियान से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। बरसात से पहले किए जा रहे इस अभियान से जलजमाव और गंदगी जैसी समस्याओं पर काफी हद तक नियंत्रण मिलने की उम्मीद है।








